डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर (बेगूसराय): विद्युत विभाग की सख्ती के बावजूद क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली उपयोग के मामले सामने आ रहे हैं। विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल (बेगूसराय ग्रामीण) की सहायक विद्युत अभियंता सुरभि कुमारी के आवेदन पर वीरपुर थाने में एक उपभोक्ता के विरुद्ध बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

सहायक विद्युत अभियंता द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, विद्युत विभाग की विशेष टीम ने 31 अगस्त को बभनगामा वार्ड संख्या 2 में औचक छापेमारी की थी। जांच के दौरान पाया गया कि स्थानीय निवासी मिथिलेश देवी द्वारा अपने व्यावसायिक परिसर में मीटर को बाईपास कर सीधे अवैध रूप से बिजली की चोरी की जा रही थी। इस गैरकानूनी कृत्य के कारण विद्युत कंपनी को 1,84,108 रुपये के राजस्व की भारी क्षति हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि विभाग से मिले आवेदन के आधार पर विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की अग्रतर जांच कर रही है। वहीं, बिजली विभाग की इस कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि विद्युत चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट