डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित पढ़ाई, स्वच्छता, पोषण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक स्थिति से अवगत कराया तथा उनकी पढ़ाई को बेहतर बनाने में अभिभावकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। बच्चों में नियमित अध्ययन, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में ई-कचरे के उचित प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों और अभिभावकों को जागरूक किया गया। वहीं, बच्चों की पढ़ाई के लिए घर में अलग से अध्ययन स्थल यानी ‘स्टडी कॉर्नर’ विकसित करने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया, ताकि बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।
इसके अलावा बच्चों के स्वास्थ्य, पौष्टिक आहार और साफ-सफाई से जुड़े विषयों पर भी अभिभावकों के साथ विचार-विमर्श किया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई और सर्वांगीण विकास में नियमित सहयोग करने की अपील की।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट
