समस्तीपुर जंक्शन पर आरपीएफ व जीआरपी की तत्परता: जननायक एक्सप्रेस पकड़ने आई महिला के बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काट भाग रहा शातिर चोर गिरफ्तार

DNB Bharat Desk

समस्तीपुर जंक्शन पर रविवार 7 जून की शाम रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को रंगेहाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी ने भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला यात्री के डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे के गले से ब्लेड मारकर सोने का लॉकेट (चकती) काट लिया था और भागने की फिराक में था।

- Sponsored Ads-

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट के उप निरीक्षक पी. के. चौधरी, अपराध आसूचना शाखा के सहायक उप निरीक्षक आकाश रंजन कुमार, प्रधान आरक्षी देव शंकर सिंह और जीआरपी के सिपाही हरेराम कुमार प्लेटफॉर्म संख्या 02 और बरौनी साइड फुट ओवरब्रिज (FOB) पर संयुक्त रूप से आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 15211 (जननायक एक्सप्रेस) प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी। तभी सुरक्षाबलों ने एक युवक को संदिग्ध स्थिति में बरौनी साइड एफओबी की तरफ तेजी से भागते देखा। बल सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए करीब शाम 6:30 बजे उसे पुल की सीढ़ियों पर ही चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।

उसी वक्त एक महिला यात्री अपने छोटे बच्चे को गोद में लिए चिल्लाते हुए वहां पहुंची। पीड़िता की पहचान खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सहरबन्नी (वार्ड संख्या 07) निवासी बाबी कुमार की पत्नी निभा कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई। उसने बताया कि वह समस्तीपुर से सरहिंद जंक्शन जाने के लिए सामान्य टिकट लेकर जननायक एक्सप्रेस पकड़ने प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर खड़ी थी। इसी बीच पकड़े गए युवक ने उसके डेढ़ वर्षीय बेटे हिमांशु कुमार के गले में लाल धागे में पिरोया हुआ करीब चार आने का सोने का दिल के आकार का लॉकेट (जिसपर ॐ लिखा था, अनुमानित मूल्य ₹40,000) किसी धारदार चीज से काट लिया और भागने लगा। महिला ने रोते हुए आरोपी की पहचान की।

सुरक्षाबलों द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम सूरज कुमार, साकिन अताउल्लापुर, थाना लालगंज, जिला वैशाली बताया। तलाशी लेने पर उसके नीले रंग के जींस पैंट की दाहिनी जेब से चोरी किया गया लाल धागे वाला सोने का ॐ लिखा लॉकेट बरामद हुआ। वहीं, उसकी बाईं जेब में रखे सिगरेट के पैकेट से वारदात में इस्तेमाल ब्लेड का टुकड़ा भी बरामद किया गया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए माफी मांगी।

पकड़ा गया आरोपी सूरज कुमार एक शातिर रेल चोर है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह इससे पहले 16 अक्टूबर 2023 को जीआरपी मुजफ्फरपुर में धारा 414 भादवि (चोरी की संपत्ति रखने) के तहत दर्ज एक मामले में जेल जा चुका है।

आरपीएफ और अपराध आसूचना शाखा की टीम ने पीड़ित महिला यात्री और उपस्थित गवाहों के समक्ष विधिवत जब्ती सूची तैयार कर सोने का लॉकेट और ब्लेड जब्त कर लिया। इसके बाद पीड़िता निभा कुमारी द्वारा दिए गए लिखित आवेदन और आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना समस्तीपुर को सही सलामत सुपुर्द कर दिया गया, जहां प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उप निरीक्षक पी. के. चौधरी (आरपीएफ पोस्ट, समस्तीपुर),सहायक उप निरीक्षक आकाश रंजन कुमार (अपराध आसूचना शाखा, समस्तीपुर),प्रधान आरक्षी देव शंकर सिंह (अपराध आसूचना शाखा, समस्तीपुर),सिपाही हरेराम कुमार (जीआरपी, समस्तीपुर) शामिल रहे ।

Share This Article