डीएनबी भारत डेस्क
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के सौ साल पूरा होने पर पर्यटन नगरी राजगीर खेल परिसर में पहली बार रग्बी खेल सीरीज का आयोजन किया गया।

पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को 32-0 से हराया, जबकि महिला वर्ग में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 17-0 से शिकस्त दी। वहीं, दोस्ताना मुकाबलों में पुरुष वर्ग में सेंटेनरी टीम ने यूनिटी टीम को 17-7 से हराया, जबकि महिला वर्ग में यूनिटी टीम ने सेंटेनरी टीम को 7-17 से पराजित किया।मैच के समापन पर केंद्रीय खेल मंत्री रक्षा खडसे और बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस दौरान रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस भी मौजूद रहे। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार के लिए यह गौरव की बात है कि भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को राजगीर की धरती पर खेलने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राजगीर का खेल परिसर अंतरराष्ट्रीय स्तर का है। यहां स्थानीय खिलाड़ियों को भी दोनों देशों के खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिला।
खेल एकता और मित्रता का सबसे सुंदर माध्यम है। उन्होंने बेटियों से खेल को करियर के रूप में अपनाने की अपील की।वहीं, केंद्रीय खेल मंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से खेलों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ दोनों देशों के संबंध भी मजबूत होते हैं। रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने राजगीर खेल अकादमी की सराहना करते हुए कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह सीरीज आयोजित की गई है।
खेल के मैदान पर सभी एकजुट हो जाते हैं। उन्होंने बिहार सरकार, केंद्र सरकार और राजगीर खेल अकादमी के प्रयासों की सराहना की।उन्होंने बताया कि अगले महीने भुवनेश्वर में होने वाली अंडर-20 एशियाई प्रतियोगिता की तैयारी के लिहाज से यह सीरीज खिलाड़ियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।भारतीय महिला टीम की एक खिलाड़ी ने कहा कि भुवनेश्वर में 14 और 15 नवंबर को होने वाले मुकाबलों से पहले राजगीर में खेलने का अवसर टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा।
खिलाड़ियों ने बिहार सरकार और राजगीर की खेल सुविधाओं की भी सराहना की।
डीएनबी भारत डेस्क
