58 विद्यालयों के वॉलेंटियर्स को मिला प्रशस्ति-पत्र, बच्चों में बुनियादी भाषा और गणितीय समझ विकसित करने में निभाई अहम भूमिका
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। प्रखंड संसाधन केंद्र भगवानपुर में मंगलवार को समर कैंप में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वॉलेंटियर्स के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। शिक्षा विभाग एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘कमाल का कैंप’ में भाग लेने वाले प्रखंड के 58 विद्यालयों के वॉलेंटियर्स को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में बीआरसी के लेखापाल अरविंद कुमार शर्मा, डाटा एंट्री ऑपरेटर संदीप कुमार, प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सिंह, रईस उद्दीन एवं संदीप कुमार ने वॉलेंटियर्स को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने में मदद मिलती है।
बताया गया कि ‘कमाल का कैंप’ का आयोजन 1 जून से 30 जून 2026 तक प्रखंड के 58 मध्य विद्यालयों में किया गया था। इस दौरान बच्चों में पठन-पाठन के साथ बुनियादी अंकगणित की समझ विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। वॉलेंटियर्स ने खेल-खेल में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अंचल प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ने वॉलेंटियर्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं ने बच्चों को सहज और रोचक तरीके से सिखाकर सराहनीय कार्य किया है। ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी भागीदारी से न केवल बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ती है, बल्कि समुदाय में शिक्षा के प्रति जागरूकता भी मजबूत होती है।
समारोह के अंत में वॉलेंटियर्स के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट
