सीखने में कठिनाई का सामना करने वाले बच्चों के प्रति संवेदनशीलता बरतने का दिया संदेश, समावेशी शिक्षा पर दिया गया जोर
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में मंगलवार को डिस्लेक्सिया जागरूकता के अवसर पर प्रभातफेरी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, मध्य विद्यालय मेहदौली, कन्या मध्य विद्यालय महेशपुर सहित अन्य विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को डिस्लेक्सिया तथा विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता के प्रति जागरूक किया गया।

प्रभातफेरी के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को सीखने में कठिनाई का सामना करने वाले बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने और उन्हें प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। वहीं, पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जागरूकता से संबंधित विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापकों ने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमता और प्रतिभा के लिहाज से विशिष्ट होता है। सीखने में कठिनाई होने का मतलब यह नहीं है कि बच्चा कमजोर या कम बुद्धिमान है। ऐसे बच्चों को उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करना चाहिए।
शिक्षकों ने भी डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समावेशी शिक्षा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय और समाज की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक बच्चे को बिना किसी भेदभाव के सीखने और आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, रचनात्मकता तथा विशेष शैक्षिक आवश्यकताओं वाले बच्चों के प्रति सहयोग और सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट
