डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर थाने में पदस्थापित पीटीसी प्रभाकर कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए बेगूसराय पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध वीरपुर थाने में मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है।

मामला बभनगामा निवासी सत्यम कुमार द्वारा वरीय अधिकारियों को दिए गए आवेदन से जुड़ा है। पीड़ित ने एसपी, डीआईजी, आईजी और मानवाधिकार आयोग को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि एक आवेदन की जांच के सिलसिले में पीटीसी प्रभाकर कुमार गत 13 अक्टूबर को उनके घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बिना किसी कारण घर में घुसकर गाली-गलौज की और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। आवेदक का कहना था कि उनके खिलाफ न तो कोई आपराधिक मामला दर्ज है और न ही अदालत से कोई वारंट जारी हुआ था, इसके बावजूद उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर डीएसपी-2 ने आरोपों की स्थलीय व विभागीय जांच की। जांच के दौरान पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोप सत्य पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार के आरोप में पीटीसी को निलंबित करने का आदेश जारी किया। इसके उपरांत दिए गए आवेदन के आधार पर वीरपुर थाने में आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट
