डीएम ने कहा – अभिभावक और शिक्षक ईमानदारी से कर्तव्य निभाएं तो बदलेगी शिक्षा की तस्वीर
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय) : प्रखंड क्षेत्र के बनवारीपुर गांव स्थित नव स्थापित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय (राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय) में बुधवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रिची पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम, अंचलाधिकारी रानू कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्र-छात्राओं द्वारा वंदे मातरम्, बिहार गीत एवं स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक धर्मदेव पासवान ने किया।
संगोष्ठी के दौरान जिलाधिकारी ने अभिभावकों से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सुझाव मांगे। अभिभावकों ने विद्यालय में विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति, स्वच्छता, समय पर कक्षा संचालन और बच्चों की नियमित उपस्थिति को लेकर अपने सुझाव रखे।
सुझावों के उपरांत जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती मॉडल विद्यालय को धरातल पर लाने के पीछे सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय को संचालित करने हेतु सरकार की जो भी योजनाएं होंगी, वह सभी यहां प्राथमिकता के आधार पर लागू की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि आप लोग नियमित रूप से बच्चों को विद्यालय भेजें। बच्चा विद्यालय पहुंचा या नहीं, या कहीं इधर-उधर बेवजह समय व्यतीत तो नहीं कर रहा है, इस पर अभिभावकों को स्वयं निगरानी रखनी होगी। तभी सरकार का उद्देश्य सफल हो सकता है।
विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति के सुझाव पर जिलाधिकारी ने कहा कि विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति हेतु हरसंभव प्रयास किया जाएगा। वहीं उन्होंने शिक्षकों को भी ससमय विद्यालय आने-जाने, विद्यालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा शैक्षणिक गतिविधियों को ईमानदारी से संचालित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जब अभिभावक और शिक्षक दोनों अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगे, तो सरकार की जो बदलाव करने की सोच है, वह निश्चित रूप से सफल होगी।
इस अवसर पर बीस सूत्री के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, नंदलाल चौरसिया, बालेश्वर महतो, विद्यालय के बड़ा बाबू राम सुदीन महतो सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट