मॉब लिंचिंग पर मंत्री का सख्त संदेश, कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई।
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा में भाजपा की ओर से आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में बिहार सरकार के विधि एवं उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून तोड़ने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। अपराधी या तो अपराध छोड़ दें, या बिहार छोड़ दें, अन्यथा कानून उन्हें सख्त सजा दिलाएगा।

मंत्री ने आरा में हुए एनकाउंटर और नालंदा में मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर भी स्पष्ट कहा कि किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और दोषी चाहे जहां भी छिपा हो, पुलिस उसे खोजकर कानून के कटघरे में लाएगी।सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री संजय टाइगर का भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।मंत्री ने केंद्र की एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
उन्होंने दावा किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।बिहार की कानून-व्यवस्था और विकास पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर माहौल बनने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है।
मंत्री संजय टाइगर ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि बिहार के विकास के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। इसी संकल्प के साथ सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।
डीएनबी भारत डेस्क