डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र एवं चाइल्ड हेल्प लाइन (1098) की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत एक सराहनीय कार्य किया है।
जानकारी के अनुसार 23 सितंबर को रेल मदद के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि गाड़ी संख्या 94804 के कोच C-8 में एक नाबालिग बच्चा अकेला एवं भटका हुआ सफर कर रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के ऑन ड्यूटी हेड कांस्टेबल मनोज कुमार साह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को ट्रेन से उतार कर सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट, समस्तीपुर पर रखा।
आरपीएफ पोस्ट पर पूछताछ के दौरान बच्चे ने अपना घर छपरा जिला बताया। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट कमांडर द्वारा चाइल्ड हेल्प लाइन समस्तीपुर को सूचना दी गई।
सूचना के आलोक में आज दिनांक 24 सितंबर को चाइल्ड हेल्प लाइन की काउंसलर संगीता कुमारी एवं जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र समस्तीपुर के रेस्क्यू प्रभारी शोभानंद सिंह आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचे। सभी औपचारिकताओं को पूरी करते हुए बच्चे को विधिवत सुपुर्दगी लेकर जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र द्वारा बच्चे का सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराकर चाइल्ड हेल्प लाइन में सुपुर्द किया गया।
*इस संबंध में जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के रेस्क्यू प्रभारी शोभानंद सिंह ने बताया कि* नबालिक बालक को फिलहाल चाइल्ड हेल्प लाइन में सुरक्षित रखा गया है। किशोर न्याय अधिनियम के तहत बाल कल्याण समिति (CWC), समस्तीपुर के समक्ष प्रस्तुत कर उसे अगली कारवाई के लिए सुपुर्द किया गया है। CWC के आदेशानुसार ही बच्चे का पुनर्वास एवं परिवार को सुपुर्दगी की कार्रवाई की जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क