बछवाड़ा के चमथा में बैंक से रुपये निकालकर लौट रही महिला से छिनतई का प्रयास, दो शातिर बदमाश रंगे हाथ गिरफ्तार

DNB Bharat Desk

बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के चमथा दियारा इलाके में उस समय अफरातफरी मच गई, जब बाइक सवार दो उचक्कों ने ऑटो में सवार एक महिला से 60 हजार रुपये छीनने की कोशिश की। हालांकि, ऑटो चालक और स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ व तत्परता से दोनों बदमाशों को बाइक सहित धर दबोचा गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के रतौरा थाना क्षेत्र स्थित रतौरा गांव निवासी स्व मुन्ना यादव के पुत्र विवेक कुमार यादव और संजय यादव के पुत्र पप्पू यादव के रूप में हुई है।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चमथा बालूपर निवासी उत्तम पासवान की पत्नी नीलम देवी भारतीय स्टेट बैंक की चमथा शाखा से 60 हजार रुपये की निकासी कर ऑटो से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान चमथा गैस एजेंसी के पास बाइक सवार बदमाशों ने महिला की साड़ी पर गुटखा थूक दिया और झांसा देते हुए कहा कि उनकी साड़ी गंदी हो गई है, उसे धो लें। महिला झांसे में आ गई और ऑटो रुकवाकर रुपयों से भरा थैला साथ बैठी एक अन्य महिला को संभलवा कर चापाकल पर साड़ी धोने चली गई। इसी बीच मौका पाकर बाइक सवार बदमाश रुपयों का झोला झपटकर भागने लगे। महिला और सह-यात्रियों के शोर मचाते ही ऑटो चालक और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बदमाशों को खदेड़कर पकड़ लिया।

बछवाड़ा के चमथा में बैंक से रुपये निकालकर लौट रही महिला से छिनतई का प्रयास, दो शातिर बदमाश रंगे हाथ गिरफ्तार 2घटना की सूचना तुरंत बछवाड़ा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची जहां ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को जब्त बाइक के साथ पुलिस को सौंप दिया। मामले में थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में बेगूसराय जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों के पास से बरामद बाइक चोरी की है और दोनों आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है तथा वे कई मामलों में जेल जा चुके हैं।

Share This Article