डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। बीएसईबी ने आगामी इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए +2 स्तर के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की डायरेक्टरी को ऑनलाइन अपडेट करने का निर्देश दिया है।परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी निर्देश के अनुसार समिति के पास उपलब्ध शिक्षक डायरेक्टरी को इंटर परीक्षा 2027 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन एवं अन्य गोपनीय कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा।
इसके लिए प्रधानाध्यापकों को शिक्षकों का विवरण निर्धारित प्रपत्र में ऑनलाइन अपलोड करना होगा।बोर्ड ने इसके लिए 19 सितंबर 2026 से 9 अक्टूबर 2026 तक की अवधि तय की है। शिक्षक विवरण बोर्ड की वेबसाइट teachdirinter.biharboardonline.com अथवा biharboardonline.com पर अपलोड किया जाएगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल मान्यता प्राप्त संस्थानों के वैध शिक्षकों का ही विवरण अपलोड किया जाएगा। जिन संस्थानों की मान्यता रद्द, निलंबित या वापस ली गई है, वे विवरण अपलोड नहीं करेंगे। साथ ही मृत, सेवानिवृत्त, स्थानांतरित, काली सूची में शामिल और विषय से भिन्न शिक्षकों का नाम अपलोड नहीं किया जाएगा।
जो शिक्षक फरवरी 2027 से पूर्व सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उनका नाम भी सूची में शामिल नहीं होगा। यह पत्र सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को ईमेल के माध्यम से भेज दी गई है। बोर्ड ने इसे अति महत्वपूर्ण मानते हुए सभी +2 विद्यालय/महाविद्यालय प्रधानों को ससमय कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट