वीरपुर में वृद्ध की ईंट-पत्थरों से कूचकर हुई निर्मम हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

DNB Bharat Desk

वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मैदा बभनगामा बहियार में हुए बहुचर्चित वृद्ध हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनदहाड़े एक वृद्ध की ईंट-पत्थरों से कूचकर की गई नृशंस हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य नामजद आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मैदा बभनगामा निवासी मोहम्मद कारी के पुत्र मोहम्मद शौकत के रूप में की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

​घटना के संबंध में थानाध्यक्ष राजुरंजन कुमार ने बताया कि बीते 28 जुलाई 2026 को बदमाशों ने मैदा बभनगामा बहियार में एक बुजुर्ग व्यक्ति को घेरकर बेरहमी से ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था। 

इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना के तुरंत बाद परिजनों के बयान के आधार पर वीरपुर थाने में कांड संख्या 117/26 दर्ज की गई थी, जिसमें मोहम्मद शौकत को मुख्य आरोपी बनाया गया था।

​थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की एक विशेष टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। 

सटीक गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मोहम्मद शौकत को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मामले में शामिल किसी भी अन्य दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस निष्पक्षता से जांच आगे बढ़ा रही है।

बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट

Share This Article