डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय। सिमरिया सिक्स लेन गोलंबर पर दिनकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर गुरुवार को सिमरिया के बुद्धिजीवियों ने विधान पार्षद सर्वेश कुमार, बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता एवं मटिहानी के पूर्व विधायक राजकुमार सिंह से भेंट की।

राष्ट्रकवि दिनकर मूर्ति स्थापना संघर्ष समिति के सहसंयोजक कृष्ण मुरारी ने बताया कि छह सदस्य प्रतिनिधिमंडल जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर सिमरिया सिक्स लेन गोलंबर पर दिनकर की मूर्ति स्थापित करने की मांग की।
विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने कहा कि दिनकर की जन्मभूमि को साहित्यिक तीर्थ भूमि बनाने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। अनेक विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। वही मटिहानी के पूर्व विधायक राजकुमार सिंह ने कहा कि हम आपकी मांग का समर्थन करते हैं। सरकार तक इन बातों को पहुंचाने का प्रयास करूंगा।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि दिनकर की जन्मभूमि पर दिनकर की मूर्ति ही स्थापित होगी। सरकार इसे अपने एजेंडे में ले चुकी है। हम सब इस ओर प्रयासरत हैं। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने जनप्रतिनिधियों को अपना मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में विश्वम्भर सिंह, कैलाश सिंह, गुलशन कुमार, पंकज कुमार एवं मीडिया प्रभारी संजीव फिरोज शामिल थे।
मीडिया प्रभारी ने कहा कि जब तक दिनकर की मूर्ति नहीं लगेगी तब तक संघर्ष जारी रहेगा। हम प्रशासन एवं सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
बेगूसराय सिमरिया से कृष्ण मुरारी की रिपोर्ट