डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा के नगरनौसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, नगरनौसा थाना पुलिस को शाम की गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि नगरनौसा के कंचन भवन स्थित एक गोदाम में गांजा छिपाकर रखा गया है और वहीं से इसका कारोबार किया जा रहा है।

सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा-01 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोदाम की घेराबंदी कर तलाशी और छापेमारी की।तलाशी के दौरान गोदाम में भूसे के बोरे के पास लाल रंग के चोकर के बोरे में छिपाकर रखा लगभग आठ किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। वहीं गोदाम के एक कमरे से 3 लाख 70 हजार रुपये नकद भी मिले, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन और गांजा की बिक्री में इस्तेमाल होने वाली दो मोटरसाइकिल भी बरामद की।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुबोध कुमार को भी गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही चार पहिया वाहन बरामद की गई।इस मामले में नगरनौसा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत संजय श्रीवास्तव, दीनानाथ प्रसाद और सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है।
डीएनबी भारत डेस्क