भगवानपुर में बेखौफ चोरों का तांडव: मायके गई थी महिला, बंद कमरे से 5 लाख के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ

DNB Bharat Desk

भगवानपुर। थाना क्षेत्र के दामोदरपुर पंचायत स्थित कटहरिया वार्ड संख्या-14 में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह घरवालों को हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।

- Sponsored Ads-

पीड़िता कोमल कुमारी, पति नीरज कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर वह अपने मायके गई हुई थीं। घर में उनकी सास आरती देवी और दिव्यांग देवर मनीष कुमार मौजूद थे। दोनों घर के आगे वाले कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर पीछे वाले कमरे में प्रवेश कर गए और बक्से व अटैची के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

भगवानपुर में बेखौफ चोरों का तांडव: मायके गई थी महिला, बंद कमरे से 5 लाख के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ 2पीड़िता के अनुसार, चोर करीब तीन भर सोने और 10 भर चांदी के जेवरात के अलावा 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सुबह कमरे का दरवाजा खुला और सामान बिखरा मिलने पर चोरी की जानकारी हुई। घर के पीछे स्थित जंगल में कुछ सामान फेंका हुआ भी मिला। आशंका जताई जा रही है कि चोर चहारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए थे।

घटना की सूचना मिलने पर भगवानपुर थाना के एएसआई अभिषेक रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।

Share This Article