नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ निकली जागरूकता रैली
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर कमला भुवनेश्वर बीएड कॉलेज, चंदौर में रविवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के बीएड एवं डीएलएड के शिक्षक-प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शिक्षक-प्रशिक्षुओं को प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण का भी प्रदर्शन कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति संकल्प दिलाने के साथ महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए ग्राम चंदौर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों एवं आमजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव रॉय ने कहा कि नशा आज समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन गया है। यह व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाना भी है।
उन्होंने नशे के कारण होने वाली विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं की जानकारी देते हुए कहा कि तनाव, दोस्तों का दबाव और नशे को लेकर गलत जानकारी युवाओं को इसकी ओर आकर्षित करने वाले प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने शिक्षक-प्रशिक्षुओं से तनाव को दूर करने के लिए खेल, योग एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।मौके पर शिक्षकगण रणधीर कुमार, प्रभात कुमार रंजन, नीतीश कुमार, डॉ. सुनील चंद्र यादव, डॉ. प्रियंका यादव, बंदना कुमारी, डॉ. शशि रंजन एवं आनंद कुमार सहित बीएड एवं डीएलएड के शिक्षक-प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट