डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर। बिहार राज्य के गैर-सरकारी मान्यता प्राप्त अनुदानित मदरसा एवं संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के पिछले पांच माह से लंबित वेतन भुगतान को लेकर मदरसा डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (एमडीओ), समस्तीपुर की ओर से प्रदेश संयोजक मो० सफी अंसारी के नेतृत्व मेंजिलाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन सौंपा गया।

संस्कृत विद्यालयों के कोषाध्यक्ष श्री राजेश कुमार ने कहा कि पिछले पांच माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण मदरसा शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, इलाज एवं अन्य आवश्यक खर्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लगातार वेतन भुगतान लंबित रहने से शिक्षकों में काफी चिंता एवं निराशा है।
एमडीओ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि इस गंभीर मामले में आवश्यक पहल करते हुए शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए तथा गैर-सरकारी मान्यता प्राप्त अनुदानित मदरसा एवं संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के पिछले पांच माह के लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराया जाए।
आवेदन में कहा गया कि वेतन भुगतान में हो रही लगातार देरी से शिक्षकों एवं कर्मचारियों के जीवन-यापन पर गहरा असर पड़ रहा है। संगठन ने जिला प्रशासन से इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबित वेतन का भुगतान जल्द सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस अवसर पर मदरसा डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन , समस्तीपुर के अध्यक्ष रिजवानुल हक (गुड्डू)ने कहा कि मदरसा शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार एवं संबंधित विभाग को शीघ्र आवश्यक कदम उठाते हुए लंबित वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की।
इस अवसर पर श्री राम लाल यादव, श्री कैलाश प्रसाद,संजीव कुमार, शाहनवाज हसीब, इकरामुल हक, मुबारक हुसैन, रहमतुल्लाह आरफी, तनवीर आलम, एबादुर्रहमान समेत अनेक शिक्षक उपस्थित थे l
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट