डीएनबी भारत डेस्क
बरौनी प्रखण्ड सहित बेगूसराय जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर मंगलवार को अपने-अपने कार्यालयों में काला बिल्ला लगाकर कार्य किया। इसी क्रम में सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार, बरौनी प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुरंजन कुमार, वीरपुर बीडीओ पंकज शक्तिधर, साहेबपुर कमाल बीडीओ रवि सिन्हा, चेरिया बरियारपुर बीडीओ निरंजन कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कार्यालय में काला बिल्ला धारण कर अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

ज्ञात हो कि गत शनिवार को छपरा में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान छपरा सदर के प्रखंड विकास पदाधिकारी दृष्टि पाठक एवं रिविलगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी रितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों अधिकारियों का उपचार क्रमशः पटना स्थित आईजीआईएमएस एवं मेदांता अस्पताल में चल रहा है।घटना के बाद बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ ने मुख्य सचिव, बिहार सरकार को पत्र भेजकर राज्य के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।
इसी के समर्थन में राज्यव्यापी आह्वान के तहत बेगूसराय जिले के सभी बीडीओ ने काला बिल्ला लगाकर कार्य करते हुए अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।संघ द्वारा भेजे गए पत्र में प्रत्येक प्रखंड कार्यालय में बीडीओ के लिए बॉडी प्रोटेक्टर, रॉयट हेलमेट, लेग गार्ड, बॉडी कवच, आर्म्स गार्ड सहित अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध कराने, प्रत्येक बीडीओ के साथ कम-से-कम दो प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा इन सुरक्षा कर्मियों को विधि-व्यवस्था संधारण के अतिरिक्त कार्यालयीन कार्य, जनसुनवाई, क्षेत्र भ्रमण एवं अन्य सभी शासकीय दायित्वों के निर्वहन के दौरान साथ रखने की मांग की गई है।
इसके अतिरिक्त संघ ने मांग की है कि किसी भी सरकारी दायित्व के निर्वहन के दौरान यदि कोई बीडीओ गंभीर रूप से घायल होता है तो उसके सर्वोत्तम उपचार की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा उच्च स्तरीय अस्पताल में कराई जाए। साथ ही, ड्यूटी के दौरान घायल अथवा दिवंगत होने की स्थिति में बीडीओ के लिए विशेष क्षतिपूर्ति, पर्याप्त बीमा सुरक्षा तथा उनके आश्रितों को समुचित सहायता प्रदान करने संबंधी स्पष्ट नीति बनाई जाए। इस आशय की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार ने दिया।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट