वीरपुर में वृद्ध की ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर हत्या, छह महीने पहले हुई छेड़खानी के मामले में गवाह होने की आशंका पर जताई जा रही रंजिश

DNB Bharat Desk

बेगूसराय  जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के मैदाबभनगामा गांव स्थित सरकाही बहियार में अपराधियों ने एक वृद्ध की ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और घटनास्थल पर सैकड़ों स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

- Sponsored Ads-

मृतक की पहचान मैदाबभनगामा पंचायत के वार्ड संख्या-1 (पोखर टोला) निवासी स्व. घुरण पासवान के 65 वर्षीय पुत्र आशो पासवान के रूप में की गई है।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि मृतक का पुत्र जब दोपहर करीब एक बजे सरकाही बहियार स्थित गाछी (बाग) पहुंचा था, तब उसने अपने पिता को वहां बैठे हुए देखा था। इसके बाद, शाम करीब चार बजे स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि उनके पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सने ईंट और पत्थर बरामद किए हैं।

परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब छह महीने पहले इसी गाछी में छेड़खानी की एक घटना घटित हुई थी, और मृतक आशो पासवान उस घटना के मुख्य प्रत्यक्षदर्शी (गवाह) थे। परिजनों का कहना है कि उस घटना में शामिल दबंगों ने उन्हें पहले भी कई बार धमकियां दी थीं। उन्हें पूरा विश्वास है कि पुरानी रंजिश और गवाही से नाराज होकर उन्हीं लोगों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार और सदर डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की।

एसपी ने बताया कि इस घटना को लेकर मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article