डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर: पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविंद प्रताप सिंह ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ताजपुर थाना क्षेत्र के चर्चित गणेश सहनी हत्याकांड के मुख्य वांछित अपराधी बिट्टू कुमार को उसके एक सहयोगी अंशु कुमार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों की गिरफ्तारी हलई थाना क्षेत्र के वाजितपुर कनरैल स्थित एक पोखर के पास से की गई।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बिट्टू कुमार गणेश सहनी हत्याकांड के अलावा हलई थाना क्षेत्र में महायज्ञ मेले के दौरान हुई फायरिंग की घटना में भी वांछित था। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्तौल, 7 जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है। वहीं उसके सहयोगी के पास से एक मैगजीन, 6 जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बरामद हथियार का उपयोग गणेश सहनी हत्याकांड में किए जाने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार अपराधी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस की विशेष टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य फरार अपराधियो की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट