बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सूजाभर्रा गांव की घटना
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में दहेज के लिए एक विवाहिता की कथित हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आपको बताते चले बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सूजाभर्रा गांव में दहेज प्रताड़ना का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रानी देवी के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब दो वर्ष पहले रोहित कुमार से हुई थी।
मृतका की मां का आरोप है कि शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति और ससुराल वाले मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर रानी के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।परिजनों के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर रानी एक बार मायके आ गई थी। इसके बाद पंचायत हुई, जिसमें ससुराल पक्ष ने दोबारा दहेज नहीं मांगने और प्रताड़ित नहीं करने का आश्वासन दिया था। लेकिन कुछ समय बाद फिर से कथित रूप से दहेज की मांग और मारपीट शुरू हो गई।
मायके पक्ष का आरोप है कि बीती रात भी दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर विवाद हुआ और विरोध करने पर पति, सास, ननद तथा अन्य ससुराल वालों ने मिलकर रानी की गला दबाकर हत्या कर दी।घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
डीएनबी भारत डेस्क