शांतिपूर्ण मोहर्रम का दावा फेल, हत्या-मारपीट और पुलिसकर्मियों की पिटाई से दहला समस्तीपुर
डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिला प्रशासन और पुलिस कप्तान द्वारा मोहर्रम पर्व को लेकर लगातार शांति व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे। अधिकारियों की बैठकें, फ्लैग मार्च और सुरक्षा व्यवस्था की बातें मीडिया में दिखाई जा रही थीं। लेकिन जमीनी हकीकत ने प्रशासन के सभी दावों की पोल खोल कर रख दी।मोहर्रम की शाम होते ही जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हत्या, मारपीट और हिंसा की खबरें सामने आने लगीं।

हालात ऐसे बने कि समस्तीपुर सदर अस्पताल में घायलों की लाइन लग गई।मिली जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की चाकू गोदकर हत्या कर दी।वहीं मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रहीमपुर रुदौली में एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।इसके अलावा उजियारपुर थाना क्षेत्र में भी पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प होने की बात सामने आई है।
सबसे शर्मनाक तस्वीर मथुरापुर थाना क्षेत्र के नागरबस्ति से सामने आई, जहां ताजिया मिलान के दौरान दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। हालात संभालने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और बाद में सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब प्रशासन पहले से अलर्ट होने का दावा कर रहा था, तो आखिर इतनी बड़ी घटनाएं कैसे हो गईं क्या प्रशासन सिर्फ बैठकों और फोटो सेशन तक सीमित रह गया था अगर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत थी, तो जिले में हत्या और पुलिसकर्मियों की पिटाई जैसी घटनाएं कैसे हुईं फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और जिले में भय एवं तनाव का माहौल बना हुआ है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट