तेलमर थाना क्षेत्र के नया खंधा गांव की घटना।
डीएनबी भारत डेस्क

तेलमर थाना क्षेत्र के नयाखंधा गांव में संचालित गैस एजेंसी के कार्यालय में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। मामले में एजेंसी संचालक ने तेलमर थाना में आवेदन देकर चार नामजद एवं तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शंकर भारत गैस ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी के मैनेजर अतुल कुमार ने बताया कि एक ग्राहक के साथ गैस वितरण संबंधी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान करीब आधा दर्जन की संख्या में बदमाश कार्यालय पहुंचे और स्टाफ से छह सिलेंडर की मांग करने लगे। जब स्टाफ ने विरोध किया तो बदमाशों ने स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी।
झगड़ता देख बीच बचाव करने के लिए गए एक ग्राहक भी घायल हो गए। इस संबंध में उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपितों ने कार्यालय के मेन गेट का शीशा, कार्यालय में रखे लैपटॉप, दो डेस्कटॉप, दो मॉनिटर और दो प्रिंटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिससे करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान पहुंचाया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया।
एजेंसी मैनेजर ने बताया कि बदमाशों के द्वारा गैस गोदाम नहीं चलाने देने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने इस मामले में चार नामजद 3 से अज्ञात के विरुद्ध आवेदन दिया है। इस संबंध में तेलमर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क