डीएनबी भारत डेस्क
आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर तेघड़ा अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीसीएलआर, अनुमंडल अंतर्गत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी थाना अध्यक्ष एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मोहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि मोहर्रम के अवसर पर डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी जुलूसों एवं धार्मिक आयोजनों का संचालन निर्धारित मानकों एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष निगरानी टीम का गठन किया गया है। यह टीम विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखेगी तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर तत्काल कार्रवाई करेगी। आम लोगों से भी अपील की गई कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे साझा करें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ऐसे क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। इसके अतिरिक्त सभी थाना अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्ती, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों से समन्वय तथा छोटी से छोटी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखें, ताकि पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता एवं सतर्कता से ही सामाजिक सौहार्द और शांति को बनाए रखा जा सकता है।
डीएनबी भारत डेस्क