गर्मी में आग से रहना है सावधान: तेयाय ओपी क्षेत्र में अग्निशमन विभाग ने ग्रामीणों को किया जागरूक

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क

- Sponsored Ads-

भगवानपुर(बेगूसराय): बिहार अग्निशमन सेवा, गृह विभाग आरक्षी शाखा, पटना के आदेश तथा जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी बेगूसराय के निर्देश पर सोमवार को तेयाय ओपी क्षेत्र के अतरुआ गांव में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अग्नि सुरक्षा एवं बचाव अभियान चलाया गया।

 अभियान के तहत अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों को आग से बचाव और समय पर सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया।

ग्रामीणों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत डायल 101 या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही अग्निशमन दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू कर देगा। 

कर्मियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में फूस और खपरैल के घरों में आग की घटनाएं ज्यादा होती हैं, इसलिए घरों की दीवारों पर मिट्टी का लेप लगाना बहुत जरूरी है। इससे आग जल्दी नहीं पकड़ती और पकड़ भी ले तो तेजी से नहीं फैलती।

गर्मी में आग से रहना है सावधान: तेयाय ओपी क्षेत्र में अग्निशमन विभाग ने ग्रामीणों को किया जागरूक 2खाना बनाते समय हर रसोई में बाल्टी भरकर पानी रखने की सलाह दी गई ताकि आग लगते ही उस पर तुरंत काबू पाया जा सके। 

कर्मियों ने कहा कि खाना बनाने के बाद चूल्हे की आग को पूरी तरह बुझा देना चाहिए। लू और आग दोनों से बचाव के लिए सुबह का खाना 9 बजे से पहले और शाम का खाना 6 बजे के बाद बनाना सुरक्षित रहेगा। अग्निशमन कर्मियों ने कहा कि ये छोटे-छोटे उपाय अपनाकर हर ग्रामीण अपने घर और गांव को आग की बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकता है।

 कार्यक्रम में पूर्व वार्ड सदस्य रामोतार पासवान, दुकानदार जितेन्द्र भारती, अमर साह, रवि साह, ललितेश्वर पंडित, रामबाबू साह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दी गई जानकारी को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट

Share This Article