डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पूरी वारदात सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।ये तस्वीरें बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 स्थित पिलर संख्या-43 के पास की हैं। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला ऑटो से उतरकर चालक को किराया दे रही है। तभी बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचते हैं और मौका मिलते ही महिला के गले से सोने की चेन झपट लेते हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी तेजी से बाइक मोड़कर फरार होने लगते हैं। फुटेज में यह भी देखा जा सकता है कि महिला बदमाशों को पकड़ने की कोशिश करती है, लेकिन अपराधी इतने शातिर थे कि कुछ ही सेकंड में चेन लेकर मौके से भाग निकलने में सफल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।पीड़िता खुशबू राज ने बताया कि वह ऑटो चालक को किराया दे रही थीं।
इसी दौरान अमरदीप सिनेमा हॉल की ओर से बाइक पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से करीब 28 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।पीड़िता का आरोप है कि अगर इलाके में पुलिस की गश्ती और निगरानी व्यवस्था बेहतर होती तो इस तरह की घटना नहीं होती। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बेगूसराय में लगातार बढ़ रही लूट, छिनतई और आपराधिक घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। जिस तरह से बेखौफ अपराधी दिनदहाड़े महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, उससे आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर सीसीटीवी में कैद इन अपराधियों तक पुलिस कब पहुंचती है।
डीएनबी भारत डेस्क