चोर के पेट में ‘सोना’, एक्स-रे देख पुलिस भी हैरान
डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां चोरी के बाद पकड़े जाने पर आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए ऐसा कदम उठाया कि हर कोई हैरान रह गया। मामला नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास का है, जहां एक शातिर चोर ने एक महिला से सोने की कान की बाली छीनकर भागने की कोशिश की।
लेकिन शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान ही चोर ने चौंकाने वाला कदम उठाते हुए सोने की बाली को मुंह में डालकर निगल लिया। बताया जा रहा है कि बाली निगलने के बाद वह उसके गले में ही फंस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने काफी कोशिश की कि बाली निकल जाए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इस दौरान पीड़ित महिला शांति देवी ने बताया है कि हम बस स्टैंड पर टेंपो पकड़ने गए थे, तभी चोर ने कान की बाली छीन ली। हमने शोर मचाया तो लोगों ने पकड़ लिया। पकड़ने के बाद उसने बाली मुंह में डालकर निगल ली।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों द्वारा एक्स-रे कराया गया, जिसमें साफ तौर पर आरोपी के गले में सोने की बाली फंसी हुई दिखाई दी।
आरोपी की पहचान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघा वार्ड नंबर 24 निवासी अनिल सोनी के रूप में की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और डॉक्टरों की मदद से गले में फंसी बाली को निकालने का प्रयास जारी है। इस अजीबोगरीब घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। अब देखना होगा कि पुलिस और डॉक्टर मिलकर आरोपी के गले से बाली कब तक निकाल पाते हैं।
डीएनबी भारत डेस्क