डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां गांजा पीने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांजा का सेवन कर रहे कुछ युवकों को मना करने पर उन्होंने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार विक्रमपुर बांदे निवासी मोहम्मद वकील ने कुछ युवकों को गांजा पीते देखा। जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया तो आरोपी युवक आक्रोशित हो गए।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने मोहम्मद वकील पर चाकू से हमला कर दिया,जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों द्वारा घायल युवक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग सदर अस्पताल पहुंच गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि गांजा पीने का विरोध करने पर युवक पर जानलेवा हमला किया गया है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
समस्तीपुर संवादाता अफरोज आलम की रिपोर्ट