बिहार थाना क्षेत्र की घटना।साजिश के तहत आग लगाने की आशंका।
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र में एक फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में महंगे फर्नीचर, लकड़ी, प्लाई और मशीनें जलकर राख हो गईं।
पीड़ित दुकानदार मोहम्मद राजा ने बताया इस आगलगी की घटना में करीब तीस लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। धुएं का गुब्बार उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुकानदार और फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।पीड़ित दुकानदार के भाई ने बताया कि देर रात गोदाम बंद कर सभी लोग घर चले गए थे।
सुबह स्थानीय लोगों से आग लगने की सूचना मिली। वहीं दुकान में काम करने वाले कर्मी ने बताया कि दुकान बंद करने से पहले बिजली की लाइन काट दी जाती है, ऐसे में आग लगने की घटना कई सवाल खड़े कर रही है।
आगलगी की इस घटना के बाद दुकानदार मोहम्मद राजा सदमे में हैं। उनका कहना है कि इस हादसे से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल बिहार थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
डीएनबी भारत डेस्क