डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर निवासी 35 वर्षीय पिंकी देवी को बीते शाम पैर में सांप ने काट लिया, जिसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल पीएचसी भगवानपुर ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया।

मरीज के परिजनों ने सहायता के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा पर कॉल किया, जिसके बाद ज़ेन प्लस हेड ऑफिस पटना द्वारा तत्काल एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस (एएलएसए) उपलब्ध कराया गया। एम्बुलेंस के माध्यम से मरीज को सुरक्षित रूप से सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया।
मरीज के साथ आए अभिभावक मनोज चौधरी ने बताया कि एम्बुलेंस चालक मोहम्मद हस्मत ने समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी विकास कुमार ने रास्ते भर मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यक देखभाल की। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने के कारण अब मरीज की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
गौरतलब है कि बेगूसराय जिले में वर्तमान समय में कुल 58 एम्बुलेंस संचालित की जा रही हैं। इनमें 19 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएसए), 37 बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएसए) एम्बुलेंस तथा 2 शव वाहन शामिल हैं। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और प्रशिक्षित ईएमटी की सहायता से ये एम्बुलेंस प्रतिदिन सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों तक त्वरित सहायता पहुंचा रही हैं।
अप्रैल 2026 के दौरान जिले में कुल 4,461 मामलों में 102 एम्बुलेंस सेवा द्वारा सहायता प्रदान की गई। इनमें 3,811 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 42 नवजात शिशुओं को विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा 217 सड़क दुर्घटना पीड़ितों और 481 अन्य गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर इलाज उपलब्ध कराया गया।
ज़ेन प्लस, बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में एम्बुलेंस सेवा की नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर संचालन व्यवस्था के कारण मरीजों तक सहायता पहुंचने का समय काफी कम हुआ है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में इस सेवा का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है, जहां अब लोगों को आपातकालीन स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है।
102 एम्बुलेंस सेवा के बेहतर संचालन से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से गंभीर मरीजों को राहत पहुंचाने और सुरक्षित उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट