डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र में झपट्टा मार गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आम लोगों के बाद अब पुलिसकर्मी भी अपराधियों के निशाने पर आ गए हैं। ताजा मामला वारिसनगर थाना क्षेत्र का है, जहां ड्यूटी पर लौट रही महिला सिपाही से बदमाशों ने मोबाइल झपटने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, वारिसनगर थाना में पदस्थापित सिपाही नेहा कुमारी छुट्टी समाप्त होने के बाद अपने घर से वापस ड्यूटी के लिए लौट रही थीं। वह ऑटो से सफर कर रही थीं। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने अचानक उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से भागने लगे।
घटना के बाद सिपाही नेहा कुमारी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला सिपाही की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण सक्रिय हो गए और पीछा कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत वारिसनगर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों युवकों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में प्रस्तुत कर दिया।घटना के बाद इलाके में झपट्टा मार गिरोह को लेकर लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट