डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखमचक पंचायत से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ शनिवार दोपहर एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

मकई के खेत में बनाया हवस का शिकार
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मासूम बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान गांव के ही एक लगभग 15 वर्षीय किशोर ने उसे अकेला देख दबोच लिया और जबरन पास के एक मकई के खेत में खींच ले गया। वहां आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
खून से लथपथ घर पहुँची मासूम, मची चीख-पुकार
पीड़ित बच्ची जब रोती-बिलखती और लहूलुहान हालत में अपने घर पहुंची, तो उसकी स्थिति देख परिजन बदहवास हो गए। बच्ची ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत स्थानीय डॉक्टरों से संपर्क किया गया और घटना की जानकारी ‘डायल 112’ पुलिस को दी गई।
नाजुक हालत में बेगूसराय रेफर
सूचना मिलते ही बछवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल बच्ची विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में है।
पुलिस की कार्रवाई और बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। उन्होंने कहा:
“बछवाड़ा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता को समुचित इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया है। पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट