डीएनबी भारत डेस्क
जिला पदाधिकारी, बेगूसराय के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के सफल संचालन को सुनिश्चित करने हेतु तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए निर्धारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण के अतिरिक्त एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड स्तर पर उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं का पूर्व समाधान एवं कार्य की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करना था।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान सभी पर्यवेक्षकों को विस्तारपूर्वक तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विशेष रूप से जनगणना ऐप के उपयोग, डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया तथा त्रुटिरहित आंकड़ा संकलन पर जोर दिया गया। इसके साथ ही टीमों का गठन कर प्रशिक्षुओं को क्षेत्र में ले जाकर वास्तविक परिस्थितियों में ऐप का डेमो कराया गया, ताकि उन्हें फील्ड में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।
प्रशिक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि दिनांक 02 मई से प्रारंभ होने वाले जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रिया संबंधी समस्या उत्पन्न न हो तथा सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक पूर्ण दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस अव
सर पर अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा श्री राकेश कुमार ने स्वयं उपस्थित होकर प्रशिक्षण की समीक्षा की एवं सभी प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। अतः प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए फील्ड में जाकर वास्तविक एवं सटीक आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में आंकड़ों की शुद्धता से समझौता न किया जाए तथा प्रत्येक प्रविष्टि सावधानीपूर्वक एवं बिना त्रुटि के की जाए। साथ ही, *उन्होंने सभी कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में आम जनों को स्व-गणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूक करने एवं अधिक से अधिक लोगों को इस डिजिटल सुविधा का उपयोग करने हेतु प्रेरित करने को कहा।*
अनुमंडल पदाधिकारी ने यह भी कहा कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े ही सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं, इसलिए यह अत्यंत आवश्यक है कि प्रत्येक जानकारी सही एवं प्रमाणिक हो।
इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन से यह स्पष्ट है कि तेघड़ा प्रखंड जनगणना 2027 के कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार है तथा सभी स्तरों पर समन्वित प्रयासों के माध्यम से कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए प्रतिबद्ध है।
डीएनबी भारत डेस्क