गोधना पंचायत के दरगहपुर चौक के समीप एनएच 28 पर घटी घटना
डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा थाना क्षेत्र एनएच 28 दरगहपुर चौक के समीप गुरुवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां ईलाज के अभाव उक्त घायल की मौत हो गई। मृतक की पहचान रानी तीन पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी कपिल देव साह के लगभग 40 वर्षीय पुत्र शशि कुमार के रूप में की गई है।

मौत की खबर सुनते ही परिजनों के चीख और पुकार से पूरे इलाके में मातम पसर गया। मृतक के पिता कपिलदेव साह ने बताया कि देर रात दरगहपुर गांव से खाना बनाकर लौट रहा था। इसी दौरान दरगहपुर चौक के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए स्थानीय निजी क्लीनिक ले जाया गया। जहां कंपाउंडर ने डॉक्टर से मोबाइल पर बात कर उक्त घायल का इलाज किया और ईलाज के अभाव के कारण मेरे बेटे की मौत हो गई। यदि कंपाउंड और डॉक्टर लापरवाही नहीं करते तो मेरे बेटे की जान बच सकती थी।
उक्त मृतक हलुवाई का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा भाई था और मृतक के दो पुत्र और दो पुत्री हैं। इस हादसे से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना बछवाड़ा पुलिस को दी गई, पुलिस तत्क्षण पहुंचकर मृत युवक के शव को कब्जे में लेते हुए कागजी प्रक्रिया कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
इस संबंध में प्रभारी थाना अध्यक्ष राहुल पासवान ने बताया की दरगहपुर चौक के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। उन्होंने कहा की मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट