मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव का है
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले में पुलिस प्रशासन की सख्ती के दावों के बावजूद अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं। ताजा मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव का है, जहां बुधवार की रात जमीन विवाद को लेकर हथियारबंद बदमाशों ने एक किसान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल किसान की पहचान शेरपुर निवासी संजय कुमार राय के रूप में हुई है।

प्राप्त सूचना के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब संजय कुमार राय रात में अपने घर के पीछे स्थित बथान में जानवरों के खुलने की आवाज सुनकर बाहर निकले थे। वहां पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। एक गोली उनके बाएं तरफ सीने के ऊपरी हिस्से में लगी, जिससे वे खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े।घायल की पत्नी शोभा कुमारी ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर जब घरवाले बाहर दौड़े, तो संजय जमीन पर पड़े तड़प रहे थे। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और वे फिलहाल आईसीयू में एडमिट हैं।
पुराना जमीन विवाद बना वजह
परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के ही मनोज कुमार राय के साथ पिछले कुछ समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।परिजनों के अनुसार, एक सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर पैदल ही मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष ऋषिकांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने अस्पताल जाकर घायल के परिजनों का बयान दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया की जमीन विवाद में गोलीबारी की सूचना मिली है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। पीड़ित के बयान और परिजनों के आरोपों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।वहु घटना के बाद से शेरपुर गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन के ‘एक्शन’ के दावों के बीच लगातार हो रही ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करती हैं।
डीएनबी भारत डेस्क