बच्चा चोरी की अफवाह पर बेगुनाहों की पिटाई पर SP ने की शांति की अपील, कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई
डीएनबी भारत डेस्क

समस्तीपुर में एक सप्ताह के अंदर बच्चा चोरी की अफवाह में तीन लोगों की पिटाई का मामला सामने आया है। जांच के दौरान तीनों मानसिक रूप से बीमार पाए गए। इस संबंध में एसपी अरविंद्र प्रतात सिंह ने संदेश जारी करते हुए लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है।
एसपी ने बताया है कि इन दिनों बच्चा चोर के शक पर निर्दोष पीटे जा रहे हैं, जो गलत हैं। हम सभी को सामाजिक दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। कहीं से भी कोई संदिग्ध बच्चा चोर दिखे तो तुरंत संबंधित थाने को सूचना दें।कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
पहला मामला :
21 फरवरी 2026 मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केवश निजामत गांव के पास बच्चा चोर के शक में ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग महिला की पिटाई कर दी। हालांकि गांव के ही कुछ लोगों ने मामला शांत कराया। महिला को एक कमरे में बदं कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को हवाले कर दिया। जांच में ये स्पष्ट हुआ कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी। विभूतिपुर के नरहन गांव की रहने वाली हैं।
दूसरा मामला
26 फरवरी 2026 बंगरा थाने के मुर्गियाचक गांव में बच्चा चोर होने के शक पर लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो उसकी जान बची। युवक मुसरीघरारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीण बहस करने लगे। पुलिस ने लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया। भीड़ के बीच फंसे युवक को किसी तरह निकाला और गाड़ी में बैठाया। पुलिस का कहना है कि है युवक मानसिक रूप से बीमार है।
तीसरा मामला :
27 फरवरी 2026 कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव के पास एक बुजुर्ग महिला को लोगों ने बच्चा चोर बताकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि दो महिलाएं और एक पुरुष सरकारी स्कूल के पास पेड़ के नीचे बैठे थे। स्कूल से बाहर निकले बच्चों को इशारा कर बुला रहे थे। बच्चों की ओर से शोर मचाने पर एक महिला और पुरुष मौके से फरार हो गए। हालांकि, ग्रामीणों ने एक महिला को घेर लिया।
सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला को गांव से सड़क तक ले आए और हंगामा करने लगे। हालांकि आधारपुर मुखिया प्रतिनिधि मनीष यादव एक मंदिर के पास महिला को बैठाकर कर्पूरी ग्राम थाने की पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। ग्रामीणों की गिरफ्त में आई महिला गूंगी थी और कुछ भी बता नहीं पा रही थी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट