अपहरण नहीं गिरफ्तारी! तेघड़ा में पूर्व सरपंच की ‘मिस्ट्री’ सुलझी, दिल्ली में दर्ज साइबर ठगी के मामले में हुई कार्रवाई
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय के तेघड़ा इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब बरौनी दो पंचायत के पूर्व सरपंच के अपहरण की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। लेकिन कुछ ही घंटों में इस पूरे मामले ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।मामला तेघड़ा थाना क्षेत्र के बरौनी दो पंचायत से जुड़ा है।

यहां के पूर्व सरपंच उमेश शर्मा के कथित अपहरण की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।इसी बीच कहानी पूरी तरह पलट गई, जब दिल्ली पुलिस की टीम पूर्व सरपंच उमेश शर्मा को लेकर तेघड़ा थाना पहुंची। बताया गया कि उन्हें साइबर क्राइम से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया है।
तेघड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी रविशंकर मिश्रा के अनुसार, दिल्ली के एक थाना में साइबर क्राइम के तहत उमेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज है। अवैध लेनदेन की शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज किया गया था, जिसके आधार पर दिल्ली पुलिस गिरफ्तारी के लिए बेगूसराय पहुंची।फिलहाल तेघड़ा थाना में उनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है।
थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।अपहरण की अफवाह से शुरू हुआ यह मामला अब साइबर क्राइम की गिरफ्तारी में बदल चुका है। घटना की सच्चाई सामने आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन गांव में चर्चा का बाजार अब भी गर्म है।
डीएनबी भारत डेस्क