बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रुदौली पंचायत का मामला
डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय में रंगदारी नहीं देना एक परिवार को महंगा पड़ गया। अपराधियों ने एक लाख रुपये की रंगदारी नहीं मिलने पर घर में घुसकर हथियार के बल पर पूरे परिवार की लोहे की रॉड से जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मामला बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रुदौली गांव का है।घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रुदौली गांव की बताई जा रही है। घायल लोगों की पहचान रुदौली गांव निवासी शंकर झा, उनके पुत्र गौतम कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के मुताबिक, प्रिंस कुमार घर पर बैठे थे तभी गांव के ही कुछ अपराधी पहुंचे और उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।जब प्रिंस कुमार ने रंगदारी देने से इनकार कर दिया तो नाराज अपराधियों ने हथियार के बल पर घर में घुसकर पूरे परिवार के साथ लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की।
इस हमले में पिता शंकर झा और उनके दोनों पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
डीएनबी भारत डेस्क