पीड़ित युवक ने वीडियो बना 24 घंटे बंधक बनाए रखने का लगाया आरोप
डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र से एक पकड़ौआ विवाह करवाने का मामला सामने आया है। यहां नशा कराकर एक युवक की बेहोशी की हालत में जबरन शादी करा दिया । इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के चकरांजली गांव का बताया जा रहा है।

वीडियो में युवक खुद को बंधक बताते हुए मदद की गुहार लगाता नजर आ रहा है। युवक का आरोप है कि उसे 24 घंटे से ताला मारकर बंद रखा गया है।वायरल हो रहे वीडियो में युवक की पहचान कालेश्वर राय के 23 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक नीतीश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। वह घर से पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
जब परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसे पकड़कर ले गए और उसकी शादी करा दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शादी के दौरान युवक की तबीयत अचानक बिगड़ जाती है और वह बेहोश हो जाता है। इसके बावजूद मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर शादी की रस्में पूरी कराई।
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि अब तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के सत्यापन के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट