डीएनबी भारत डेस्क
बिहार की पर्यटन नगरी राजगीर अब क्रिकेट के बड़े मुकाबले की गवाह बनने जा रही है। राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार रणजी ट्रॉफी का आयोजन 11 अक्टूबर से शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस मुकाबले में बिहार और उत्तर प्रदेश की टीमें आमने-सामने होंगी।
मैदान पर रिंकू सिंह और साकिब हुसैन जैसे चर्चित खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी। हालांकि, दर्शकों के लिए निराशाजनक खबर यह है कि स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण उन्हें स्टेडियम में बैठकर मैच देखने का मौका नहीं मिलेगा। राजगीर की ऐतिहासिक धरती पर पहली बार रणजी ट्रॉफी का आयोजन नालंदा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। 11 से 14 अक्टूबर तक होने वाले इस मुकाबले को लेकर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया मैनेजर अभिषेक तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश की टीम में रिंकू सिंह, यश दयाल और आर्यन जुरेल प्रशांत वीर जैसे चर्चित खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, बिहार की ओर से साकिब हुसैन और मोहम्मद इजहार खेलते नजर आएंगे ये सभी खिलाड़ी आईपीएल का नेतृत्व कर चुके है। उन्होंने बताया कि वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय दौरे के बाद बिहार की टीम से जुड़ने की संभावना है। वहीं, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के क्रिकेट ऑपरेशंस मैनेजर ए.के. चंदन ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है।
सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राजगीर स्टेडियम में पहली बार इतने बड़े स्तर पर क्रिकेट मुकाबला होने जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण दर्शक चौकों-छक्कों का रोमांच स्टेडियम में बैठकर नहीं देख पाएंगे। ऐसे में यह आयोजन नालंदा के लिए गौरव के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों के लिए मायूसी भी लेकर आया है।
डीएनबी भारत डेस्क