डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। यहां एक महिला की श्रद्धांजलि सभा में लौंडा डांस का आयोजन कराया गया। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे स्थानीय परंपरा और सांस्कृतिक आयोजन बता रहा है तो कोई श्रद्धांजलि सभा की गरिमा पर सवाल उठा रहा है।

मामला बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र के शिवनगर दियारा गांव का है। बताया जाता है कि गांव निवासी महाराणा प्रताप पासवान की पत्नी मैना देवी उर्फ जानकी देवी का 19 मई को निधन हो गया था। निधन के बाद 30 मई को उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक शामिल हुए।श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मनोरंजन के लिए लौंडा डांस का आयोजन भी कराया गया।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने कार्यक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से वायरल होने लगा और देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।वायरल वीडियो में मंच पर कलाकार प्रस्तुति देते नजर आ रहे हैं, जबकि कार्यक्रम में मौजूद लोग उसे देखते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई है कि श्रद्धांजलि सभा जैसे कार्यक्रम में इस तरह के आयोजन का औचित्य क्या है।
कुछ लोगों का कहना है कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में दिवंगत व्यक्ति की स्मृति में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा रही है और इसे उसी रूप में देखा जाना चाहिए। वहीं दूसरी ओर कई लोग इसे श्रद्धांजलि सभा की गंभीरता और मर्यादा के विपरीत बता रहे हैं।फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि हम करते है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बदलते सामाजिक परिवेश में श्रद्धांजलि सभाओं का स्वरूप किस दिशा में जा रहा है।
डीएनबी भारत डेस्क