डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय):प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय मेहदौली, मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, मध्य विद्यालय अतरुआ सहित अन्य विद्यालयों में शनिवार को बच्चों को मानव जनित आपदा भगदड़ से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान दशहरा, छठ, मुहर्रम, उत्सव, मेला और जुलूस के दौरान भीड़ में उत्पन्न होने वाले जोखिमों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान फोकल शिक्षकों ने बताया कि पर्व-त्योहारों और मेलों में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से भगदड़ की आशंका बनी रहती है। थोड़ी सी सतर्कता, अनुशासन और सूझबूझ से ऐसी आपदा के खतरे को कम किया जा सकता है। बच्चों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने, अनुशासित ढंग से चलने, अनावश्यक शोर नहीं मचाने तथा अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी गई।
शिक्षकों ने बताया कि भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर धक्का-मुक्की से बचने और शांत रहने का प्रयास करना चाहिए। अफवाह नहीं फैलानी चाहिए तथा दूसरों को भी ऐसा करने से रोकना चाहिए। स्थिति सामान्य होने पर घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनकी सहायता करनी चाहिए और उनके आसपास अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देनी चाहिए। साथ ही, पुलिस एवं राहतकर्मियों को बचाव कार्य में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को पर्व-त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान संभावित आपदाओं के प्रति सजग बनाना तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सिंह, रईस उद्दीन, प्रमोद कुमार साह, विश्वनाथ, अवधेश, शिक्षक अनिल, सलीम, अजनीश, ऋतु, श्वेता, पूनम, शानू, संगीता सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट