डीएनबी भारत डेस्क
खगड़िया: जदयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में भारत की प्रथम महिला अध्यापिका, कवयित्री और महान समाज सुधारिका माता सावित्रीबाई फुले की 128 वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष बबलू कुमार मंडल, जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री और अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने सावित्रीबाई फुले के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और नमन किया।
जदयू जिलाध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले महिला मुक्ति आंदोलन की प्रणेता थीं। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले के मार्गदर्शन में शिक्षा प्राप्त कर देश की पहली महिला अध्यापिका बनने का गौरव हासिल किया।
अपमान और प्रताड़ना सहकर भी उन्होंने समाज में फैली अशिक्षा, अंधविश्वास और महिला उत्पीड़न के खिलाफ क्रांति का शंखनाद किया। उनका जीवन और योगदान आज भी समाज सुधार और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।”
खगड़िया संवाददाता राजीव कुमार की रिपोर्ट