डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय): भगवानपुर-पिपरा पीडब्ल्यूडी पथ पर प्रखंड दुर्गा मंदिर दहिया के समीप बुधवार को सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार एक शिक्षक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल शिक्षक की पहचान रसलपुर गांव निवासी 58 वर्षीय मो. मुस्लिम अंसारी के रूप में हुई है। वे प्राथमिक विद्यालय बगरस में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में छुट्टी होने के बाद शिक्षक साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रखंड दुर्गा मंदिर दहिया के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनका दाहिना पैर बुरी तरह जख्मी हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर चिंता देखी गई।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट