डीएनबी भारत डेस्क
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राजकीय कल्पवास मेला, सिमरिया धाम, बेगूसराय की सांस्कृतिक संध्या के चौदहवें सत्र में लोक गायिका बिंदु कुमारी, बेगूसराय द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। उनके लोकगीतों, भक्ति गीतों एवं पारंपरिक मैथिली गीतों ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लोक गायिका बिंदु कुमारी ने मैथिली लोकगीत “मंगलमय दिन आजु है, पाहुन छैथ आयल” से किया। इसके बाद उन्होंने “राम जी से पूछे जनकपुर के नारी, बता द बबुआ लोगवा देत काहे गारी”, “ऐ पहुना यही मिथिले में रहुना, जवन सुखवा ससुरारी में वोही सुखवा कहूं ना” जैसे लोकप्रिय मैथिली गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं, भक्ति गीत “राधे कौन से पुण्य किये तूने, हर रोज तेरे घर आते हैं”, “इतनी कृपा सांवरे बनाए रखना, मरते दम तक सेवा में बनाए रखना” एवं “सारी दुनिया है दीवानी राधा रानी आपकी” ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके अतिरिक्त “बाबा दिहले टिकवा से होरे, हम तेजब छोटी ननदी”, “पनिया के जहाज से पलटनीय बनी अहिया पिया” तथा “कोयल बिनु बगिया ना शोभे राजा” जैसे लोकगीतों की प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब आनंदित किया। इसी क्रम में गायिका वंदना कुमारी ने “कभी राम बनके, कभी श्याम बनके, प्रभु जी चले आना” तथा “नईहर के सुख-चैन राजा बड़ा नीक लागे” गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
संगीत की इस शानदार प्रस्तुति में बिट्टू कुमार ने पैड, रुपेश कुमार ने तबला एवं ढोलक, शंकर महंत ने हारमोनियम तथा रंजीत कुमार ने की-बोर्ड पर अपनी सुमधुर संगत से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में मंच संचालन रामसुंदर गाँधी ने किया। कार्यक्रम के अंत में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी द्वारा कलाकारों एवं कार्यक्रम में सहभागी कलाकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट