डीएनबी भारत डेस्क
बिहारशरीफ टाउन हॉल में धान अधिप्राप्ति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, जिलाधिकारी उदिता सिंह, कई विधायक और जिले के पैक्स अध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान किसानों से धान खरीद, पैक्सों की समस्याओं और भुगतान में हो रही देरी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष नालंदा जिले में 1 लाख 56 हजार मीट्रिक टन धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सांसद कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाया गया है। वहीं पैक्सों को मिलने वाले परिवहन भाड़े में बढ़ोतरी करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मिल टैगिंग, धान अधिप्राप्ति के बाद समय पर भुगतान और चावल की कुटाई के बाद एसएफसी से भुगतान में देरी का मुद्दा भी उठा।वहीं परवलपुर पैक्स अध्यक्ष उदयनंदन प्रसाद सिंह ने कहा कि किसानों को धान बेचने के 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जाता है, लेकिन एसएफसी से पैक्सों को समय पर राशि नहीं मिलती।
उन्होंने पुरानी त्रिपक्षीय समझौता व्यवस्था फिर से लागू करने की मांग की। पैक्स अध्यक्षों का कहना है कि भुगतान में देरी और अधिक ब्याज के कारण कई पैक्स आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। स्थिति यही रही तो पैक्स अध्यक्षों को अपनी निजी संपत्ति तक बेचने की नौबत आ सकती है।
डीएनबी भारत डेस्क