डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर: रोसड़ा थाना क्षेत्र के करियन गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान जगह-जगह अधूरी पक्की ढलाई छोड़ दिए जाने से उत्पन्न जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने रोसड़ा-शिवाजीनगर पथ को जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने जलजमाव वाले स्थल के दोनों ओर बांस लगाकर आवागमन बाधित कर दिया। इससे सड़क पर घंटों यातायात ठप रहा। ग्रामीणों ने बताया कि रोसड़ा-बहेरी पथ के चौड़ीकरण के साथ सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। करियन गांव में संवेदक के कर्मियों द्वारा कई स्थानों पर सड़क की पक्की ढलाई आधी-अधूरी कर छोड़ दी गई है। इसके कारण बीते कई दिनों से सड़क पर पानी जमा है।
जलजमाव के कारण आसपास के लोगों को घर से बाहर निकलने के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। पानी से दुर्गंध आने लगी है तथा आए दिन साइकिल और बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे खुदाई कर पत्थर डालकर भी छोड़ दिया गया है। इससे जलजमाव के बीच सड़क की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता और वाहन चालकों के गिरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने कहा कि दुर्गापूजा नजदीक है। सुबह-शाम महिलाएं और बच्चे पूजा-अर्चना तथा संध्या आरती के लिए मंदिर आते-जाते हैं। ऐसे में सड़क पर जलजमाव रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधूरे ढलाई कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग कर रहे थे।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट