रहूई थाना क्षेत्र के भंडारी मोड़ की घटना।
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा के रहुई थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। भंडारी मोड़ के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने श्रद्धालुओं के जत्थे पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में प्रेम गोप नाम का युवक घायल हुआ है।
वहीं, दो गोलियां स्कॉर्पियो में लगीं, जिससे वाहन का शीशा और पिछला गेट क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि करीब 50 से 60 श्रद्धालुओं का जत्था संत महोत्सव के मौके पर पूजा-अर्चना के लिए संत बाबा मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान भंडारी मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही रहुई थानाध्यक्ष और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। घायल प्रेम गोप एक दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इसी रंजिश को लेकर उस पर हमला तो नहीं किया गया।
फिलहाल घटना को लेकर कोई लिखित आवेदन पुलिस को नहीं मिला है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने ले आई है और हमलावरों की पहचान के लिए जांच जारी है।
डीएनबी भारत डेस्क