डीएनभारत डेस्क
बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी एक पंचायत स्थित नारेपुर पश्चिम गांव वार्ड संख्या-5 में रविवार की अहले सुबह सर्पदंश से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मेंद्र यादव के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
मृतक की मां रंजू देवी ने बताया कि शनिवार की रात पूरा परिवार खाना खाकर सो गया था। रात करीब एक बजे नीरज बाथरूम के लिए घर से बाहर निकला। कुछ देर बाद जब वह लौटा तो उसने पैर में किसी जीव द्वारा काटने की बात कही। परिजनों ने जब पैर देखा तो सांप के डसने का निशान मिला। आनन-फानन में परिजन उसे बाइक से अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक तीन भाइयों और तीन बहनों में दूसरे स्थान पर था। किशोर की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत समिति सदस्य (पंसस) सिकंदर कुमार, पूर्व मुखिया उमेश कुंवर ‘कवि’ और समाजसेवी रणधीर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट